अस्पताल से नवजात बच्चे के चोरी का खुलासा
आरोपी महिला बच्चे के साथ हरिद्वार से गिरफ्तार, एस.पी सिटी ने मीडिया को बतायी सारी हकीकत

सहारनपुर। महिला अस्पताल से नवजात बच्चे की चोरी की सनसनीखेज घटना का एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेस वार्ता में खुलासा किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हरिद्वार से नवजात बच्चे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
घटना चार दिन पूर्व की है। देहात कोतवाली क्षेत्र शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम की पत्नी शबाना को महिला अस्पताल में बच्चा पैदा हुआ था। उसका पति नवजात को टीका लगवाने ले गया था जहां से आरोपी महिला नवजात बच्चे को लेकर फरार हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस, एसओजी टीम और जनकपुरी पुलिस को बच्चे की बरामदगी के लिए लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की गई।
पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देते हुए आरोपी महिला आशु को हरिद्वार से नवजात बच्चे सहित गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है कि उसने बच्चे की चोरी क्यों की। प्रारंभिक जांच में निजी कारण सामने आ रहे हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। इस सफल बरामदगी पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है।



