लगातार बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, टीन शेड भी ढहा

परिवार दूसरे कमरे में होने से टली बड़ी अनहोनी, मलबे में दबा घरेलू सामान
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। गुरुवार से लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मलिहाबाद के मवई कला गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान के आगे पड़ा टीन शेड भी टूटकर जमीन पर बिछ गया। हादसे के समय परिवार के लोग बगल के कमरे में मौजूद थे, जिसके चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकान के मलबे में घरेलू सामान दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
मवई कला निवासी शैलेन्द्र कुमार राठौर उर्फ गप्पू ने बताया कि बीती रात से लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। शुक्रवार सुबह अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। मकान के आगे रखा टीन शेड भी उसके साथ टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। शैलेन्द्र ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी लोग बगल के दूसरे कमरे में थे।
यदि कोई व्यक्ति मकान के अंदर मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि समय रहते परिवार सुरक्षित बच गया। वहीं, घर के बाहर अक्सर बकरियां बांधी जाती थीं, लेकिन घटना के दिन वहां बकरियां नहीं बंधी थीं। इससे भी एक बड़ी अनहोनी टल गई।
मकान गिरने से परिवार के सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है। लगातार बारिश के चलते घर का बचा हुआ हिस्सा भी कमजोर हो गया है और उसके गिरने का खतरा बना हुआ है। इससे परिवार के लोगों में भय का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।



