आईपीएस अधिकारी डॉ. त्रिनाथ मिश्रा के निधन पर पुलिस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। 1965 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी डॉ. त्रिनाथ मिश्रा का एक अक्टूबर को नई दिल्ली में निधन हो गया। उनका निधन सम्पूर्ण पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। अपने दीर्घ एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल में उन्होंने वाराणसी, इलाहाबाद एवं मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा अपर पुलिस महानिदेशक, पीएसी मुख्यालय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
उन्होंने मणिपुर के पुलिस महानिदेशक, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप के निदेशक, सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के निदेशक, सीबीआई निदेशक एवं सीआरपीएफ के महानिदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दीं। यूपी पुलिस की ओर से डीसीपी गाजियाबाद, धवल जायसवाल ने उनके आवास पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।



