-नई मंडी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल, 110 किलो एल्युमिनियम तार, दो वाहन और पांच तमंचे बरामद
मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तांबा और एल्युमिनियम तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे-58 पर आयशर वर्कशॉप के पीछे खाली प्लॉट में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का करीब 110 किलोग्राम एल्युमिनियम तार, वारदात में प्रयुक्त वैगनआर और स्कॉर्पियो वाहन तथा पांच तमंचे बरामद किए गए हैं। इनके अलावा पांच जिंदा और पांच खोखा कारतूस भी मिले हैं। आरोपी ट्रांसफार्मर काटकर उसमें से कीमती तार निकालकर चोरी करते थे। पुलिस के मुताबिक, पांच सितंबर को अंसल टाउन, भोपा रोड स्थित 250 केवी के ट्रांसफार्मर से तार चोरी होने की शिकायत मिली थी। सनराइज स्टेट मैनेजमेंट सर्विसेज के स्टेट मैनेजर दीपेश कुमार की तहरीर पर नई मंडी थाने में विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। 11 सितंबर की रात नई मंडी पुलिस बागोवाली चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि करीब एक सप्ताह पहले ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला गिरोह हाईवे-58 पर आयशर वर्कशॉप के पीछे खाली प्लॉट में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, वहां मौजूद बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने दोबारा गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में चांद उर्फ समर, दानिश और कय्यूम गोली लगने से घायल हो गए। वहीं चेतन चौधरी, अली उर्फ इकबाल अहमद और मोनिश खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चांद उर्फ समर निवासी मसूरी, गाजियाबाद, दानिश और कय्यूम निवासी डासना, गाजियाबाद शामिल हैं। इनके अलावा चेतन चौधरी निवासी चिपियाना बुजुर्ग, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर, अली उर्फ इकबाल अहमद निवासी चिपियाना बुजुर्ग और मोनिश खान निवासी प्रताप विहार, थाना विजय नगर, गाजियाबाद को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी चांद उर्फ समर, दानिश और कय्यूम के खिलाफ गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ और अमरोहा समेत कई जिलों में चोरी, चोरी का माल बरामद होने, गैंगस्टर एक्ट, विद्युत अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। चांद उर्फ समर के खिलाफ कई थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज बताए गए हैं। अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ भी ट्रांसफार्मर चोरी और मुठभेड़ से संबंधित मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक संदीप चौधरी, गणेश कुमार शर्मा, नंदकिशोर कौशिक, संदीप धारीवाल, शेखर कंडपाल, संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल सुशील, अनुज चौधरी, शीतल देव, प्रवेश तथा कांस्टेबल कुलदीप, हिमांशु, रोहित, मुनेश, दिनेश बाना, राजीव अत्री, नवीन और उर्वेश शामिल रहे।
ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में छह आरोपी गिरफ्तार
-नई मंडी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल, 110 किलो एल्युमिनियम तार, दो वाहन और पांच तमंचे बरामद मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तांबा और एल्युमिनियम तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को…