- पांच लाख की सुपारी देकर कराई बैंककर्मी पर फायरिंग
- पूर्व प्रेमिका समेत दो गिरफ्तार, शूटर मुठभेड़ में घायल
पायनियर समाचार सेवा।देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका ही पूरे षड्यंत्र की सूत्रधार निकली। प्रेमी द्वारा दूसरी युवती से सगाई किए जाने से नाराज प्रेमिका ने उसकी हत्या की साजिश रची और इसके लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी। पुलिस ने मामले में मुख्य अभियुक्ता मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार किया है, जबकि फायरिंग करने वाला आरोपी अंकित चौहान पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। घटना में शामिल उसका साथी अंकुर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को साक्षी चौहान अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से बड़ोवाला जा रही थीं। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी को रोककर सत्यम पर गोली चला दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। 11 सितंबर को पुलिस को दोनों शूटरों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली। गोरखपुर चौक के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर दोनों चाय बागान की पगडंडी में बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, घायल अंकित से पूछताछ में सामने आया कि उसे मालिया रहमान के कहने पर सत्यम की हत्या की सुपारी दी गई थी। मालिया ने अपने परिचित मोहित के माध्यम से अंकित से संपर्क किया था। सत्यम की हत्या के बदले पांच लाख रुपये देने की बात तय हुई थी और एडवांस के रूप में 1.20 लाख रुपये दिए गए थे।
पांच साल से था प्रेम प्रसंग
पूछताछ में मालिया ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 से 2023 तक वह उज्जीवन बैंक हरिद्वार में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में मालिया ने सहारनपुर निवासी युवक से निकाह कर लिया, लेकिन सत्यम के लगातार संपर्क में रहने के कारण उसका वैवाहिक जीवन टूट गया। इसके बाद सत्यम देहरादून स्थित उज्जीवन बैंक की शाखा में आ गया। पुलिस के मुताबिक दोनों लंबे समय तक संपर्क में रहे। फरवरी 2026 में सत्यम ने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली और इसके बाद उसने मालिया से दूरी बनानी शुरू कर दी तथा सोशल मीडिया पर उसे ब्लॉक कर दिया। इससे नाराज होकर मालिया ने कथित तौर पर सत्यम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो उपलब्ध कराने के साथ देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी दी थी। योजना के तहत 8 सितंबर को अंकित और अंकुर देहरादून पहुंचे और बड़ोवाला क्षेत्र में सत्यम पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद पुलिस ने मालिया और मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब फरार आरोपी अंकुर की तलाश में जुटी है।