लखनऊ, पायनियर। सौंदर्य जायसवाल ने दो एकल वर्गों के खिताब जीतकर प्रतियोगिता की सबसे सफल खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया, जबकि रोहिन राज ने एकल और युगल दोनों वर्गों में चैंपियन बनकर अपना दबदबा कायम रखा। उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन (यूपीटीए) एवं केसरी स्पोर्ट्स के संयुक्त तत्वावधान में गोमती नगर स्थित विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में आयोजित AITA चैम्पियनशिप सीरीज (अंडर-14 एवं अंडर-16 बालक एवं बालिका) का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ।
बालिका अंडर-14 एकल फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त सौंदर्य जायसवाल (उत्तर प्रदेश) ने चौथी वरीयता प्राप्त आशी किरण (उत्तर प्रदेश) को 9-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके बाद बालिका अंडर-16 एकल फाइनल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए आठवीं वरीयता प्राप्त आशिका जायसवाल (पश्चिम बंगाल) को 9-4 से हराकर दूसरा एकल खिताब भी अपने नाम कर लिया।
बालक अंडर-14 एकल फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त तेजस सिंह (उत्तर प्रदेश) ने शीर्ष वरीयता प्राप्त रबीब अली खान (उत्तर प्रदेश) को 9-7 से हराकर प्रतियोगिता का सबसे बड़ा उलटफेर किया। वहीं बालक अंडर-16 एकल फाइनल में पांचवीं वरीयता प्राप्त रोहिन राज (उत्तर प्रदेश) ने चौथी वरीयता प्राप्त विराट सिंह (उत्तर प्रदेश) को 9-2 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
बालक अंडर-16 युगल वर्ग में रोहिन राज और विराट सिंह की जोड़ी ने किंजल्क श्रीवास्तव और ऋशांत जायसवाल को बेहद रोमांचक मुकाबले में टाई-ब्रेकर पर 9-8 (5) से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका अंडर-16 युगल फाइनल में अदित्री सिंह और सौंदर्य जायसवाल की जोड़ी ने अहाना दास और आशिका जायसवाल (पश्चिम बंगाल) को 8-6 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह में यूपीटीए के सचिव पुनीत अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा डेविस कप खिलाड़ी सिद्धार्थ विश्वकर्मा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। केसरी स्पोर्ट्स के निदेशक समित केसरी और टूर्नामेंट रेफरी उजैर अहमद आज़मी ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।










