लखनऊ, पायनियर। राजधानी लखनऊ में बास्केटबॉल के रोमांच का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। सुपर गोल्डन लीग द्वारा आयोजित ‘3×3 मॉनसून बास्केटबॉल लीग सीजन 1’ का आयोजन स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के तत्वावधान में 8 एवं 9 अगस्त को एसएनआई सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस, मॉडर्न एकेडमी स्कूल, विनय खंड-2, गोमती नगर, लखनऊ में किया जाएगा।
प्रतियोगिता के पहले ही संस्करण को खिलाड़ियों और टीमों का शानदार उत्साह मिला है। इसमें 35 से अधिक टीमें अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में प्रतिभाग करेंगी। विभिन्न स्कूलों और खेल अकादमियों के युवा खिलाड़ी दो दिनों तक रोमांचक 3×3 बास्केटबॉल मुकाबलों में अपनी प्रतिभा, टीमवर्क और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ लखनऊ में जमीनी स्तर पर बास्केटबॉल को बढ़ावा देना तथा नई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर प्रदान करना है।
आयोजन में खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं बास्केटबॉल प्रेमियों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रहने की उम्मीद है। 35 से अधिक टीमों की मौजूदगी और रोमांचक मुकाबलों के साथ ‘3×3 मॉनसून बास्केटबॉल लीग – सीजन 1’ युवा खिलाड़ियों के लिए एक यादगार खेल उत्सव बनने को तैयार है।आयोजन सचिव ऋषि श्रीवास्तव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ियों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह है।










