कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे निगरानी, डीएम और नगर आयुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश, कांवड़ियों को न हो कोई परेशानी
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हैं। शुक्रवार देर रात जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्वयं कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने दुहाई से मेरठ रोड तक विभिन्न स्थानों का दौरा कर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया, जहां से पूरे यात्रा मार्ग की निगरानी की जा रही है। उन्होंने दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार तथा नगर निगम की अन्य टीमें भी मौजूद रहीं।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने साइ उपवन स्थित गाजियाबाद नगर निगम एवं साइ सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित कांवड़ सेवा शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में विश्राम कर रहे हरियाणा और दिल्ली से आए शिवभक्तों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने भोजन, विश्राम, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए नगर निगम के प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविर की रसोई, साफ-सफाई, स्नानघर, पंखों, प्रकाश व्यवस्था तथा कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं। दिन के साथ-साथ रात्रि में भी टीमें लगातार कांवड़ मार्ग की निगरानी कर रही हैं, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कांवड़ियों से भी अपील की कि वे नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और प्रशासन का सहयोग करें।











