सफल पुलिस अधिकारी वही जो प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें: राजीव कृष्ण

प्रशिक्षु आईपीएस अफसरों ने यूपी के पुलिस महानिदेशकद से की शिष्टाचार भेंट, सीखे कानून के गुर

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि यूपी जैसे विशाल और विविधतापूर्ण राज्य के समक्ष पुलिसिंग की अपनी विशिष्ट चुनौतियां हैं। यहां भीड़ प्रबंधन से लेकर अत्यधिक जनसमूह के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन तक अनेक प्रकार की परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि एक सफल पुलिस अधिकारी वही है जो मानवीय दृष्टिकोण, प्रभावी संचार एवं पेशेवर दक्षता के माध्यम से जनविश्वास को सुदृढ़ बनाए रखते हुए कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का शांतिपूर्ण एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करे। पुलिस महानिदेशक शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा के 2025 बैच के स्टडी कम कल्चर टॅूर के लिए आए 19 प्रशिक्षणाधीन अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर रहे थे।

भेंटवार्ता के दौरान पुलिस महानिदेशक ने सबसे पहले अपना परिचय देते हुए सभी प्रशिक्षु अधिकारियों से क्रमवार परिचय प्राप्त किया तथा उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक पृष्ठभूमि के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनसे संवाद स्थापित किया। जिसमें विभिन्न राज्यों एवं कैडरों के प्रशिक्षु अधिकारी सम्मिलित थे, जिनमें आंध्र प्रदेश एवं केरल से 2-2, कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश से 2-2, तमिलनाडु, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, पंजाब, त्रिपुरा, ओडिशा तथा यूनियन टेरिटरी कैडर से 1-1 अधिकारी शामिल थे।

इसके अतिरिक्त भूटान एवं नेपाल से 1-1 प्रशिक्षु अधिकारी भी सम्मिलित हुए। उन्होंने महाकुंभ का उदाहरण देते हुए कहा कि गत वर्ष आयोजित महाकुंभ के दौरान लगभग एक माह की अवधि में लगभग 60 करोड़ श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। ऐसे आयोजनों का शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन एक बड़ी जिम्मेदारी होती है जिसमे उत्तर प्रदेश पुलिस ने दक्षता हासिल की है। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौती अथवा जनसमूह के प्रबंधन में संवाद, धैर्य एवं संवेदनशीलता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

प्रभावी पुलिसिंग केवल कानून का अनुपालन सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की मनोभावनाओं को समझते हुए शांति, विश्वास एवं समन्वय बनाए रखने का दायित्व भी निभाती है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों की सही समझ एवं समयबद्ध संवाद अनेक संभावित चुनौतियों का प्रारंभिक स्तर पर ही प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर सकती है। अंत में पुलिस महानिदेशक ने प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा पूछे गए विभिन्न जिज्ञासापूर्ण प्रश्नों का उत्तर देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भेंट के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के डिप्टी डायरेक्टर (आईटी) अजीत प्रताप सिंह द्वारा अकादमी की ओर से पुलिस महानिदेशक को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इसके उपरांत पुलिस महानिदेशक, ने यूपी पुलिस की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *