शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 166 अंक चढ़ा

मुंबई। वैश्विक बाजारों में मजबूती, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और बजाज फाइनेंस में तेज उछाल की वजह से घरेलू शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक तीन सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंच गए। सेंसेक्स में 166 अंक की बढ़त रही जबकि निफ्टी 66 अंक चढ़ गया। विश्लेषकों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से भी निवेशक धारणा को समर्थन मिला। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स लगातार तीसरे सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रखते हुए 166.49 अंक यानी 0.21 प्रतिशत चढ़कर 78,094.64 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 344.1 अंक बढ़कर 78,272.25 अंक तक पहुंच गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 66.45 अंक यानी 0.27 प्रतिशत बढ़कर 24,383.60 अंक पर बंद हुआ।

इस तरह दोनों प्रमुख सूचकांक तीन सप्ताह से अधिक समय के उच्च स्तर पर रहे। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर 8.11 प्रतिशत उछलकर बंद हुआ। कंपनी का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 6,081 करोड़ रुपये रहा है। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाइटन के शेयरों में भी तेजी का रुख रहा। दूसरी तरफ, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, आईटीसी और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 3,623.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली होने के बावजूद बाजार में सकारात्मक रुख जारी रहा।

हालांकि ऊंची प्रतिफल दरों तथा संभावित ब्याज दर वृद्धि को लेकर सतर्कता बनी रही। तेजी का जारी रहना इस पर निर्भर करेगा कि कंपनियों के तिमाही नतीजे कैसे रहते हैं। व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.66 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.48 प्रतिशत की तेजी रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में वाहन खंड 1.99 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ जबकि पूंजीगत उत्पाद खंड में 1.78 प्रतिशत, बिजली खंड में 1.26 प्रतिशत और तेल एवं गैस खंड में 1.01 प्रतिशत की तेजी रही।

वहीं, आईटी खंड में 1.39 प्रतिशत की गिरावट रही और फोकस आईटी खंड 1.21 प्रतिशत, एफएमसीजी खंड 0.90 प्रतिशत और अस्पताल खंड 0.78 प्रतिशत गिरकर बंद हुए। बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,568 शेयरों में तेजी रही जबकि 1,653 शेयरों में गिरावट रही और 204 अन्य अपरिवर्तित रहे। साप्ताहिक स्तर पर बीएसई सेंसेक्स ने कुल 2,034.87 अंक यानी 2.67 प्रतिशत की छलांग लगाई जबकि एनएसई निफ्टी में 616.15 अंक यानी 2.59 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। आॅनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा कि भारतीय शेयर बाजारों ने वैश्विक चिंताओं को दरकिनार करते हुए मजबूत तिमाही नतीजों के दम पर तेजी का रुख दिखाया। इस दौरान बाजार ने अमेरिका-ईरान के बीच नए सिरे से उपजे तनाव को भी नजरअंदाज किया।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.45 प्रतिशत बढ़कर 89.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे। इससे पहले बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 273.55 अंक बढ़कर 77,928.15 अंक और एनएसई निफ्टी 66.95 अंक चढ़कर 24,317.15 अंक पर बंद हुए थे।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *