डीसीपी दक्षिणी ने किया बंथरा थाने का औचक निरीक्षण

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद सोमवार को बरसात के मौसम में अचानक बंथरा थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। उनके निरीक्षण की भनक लगते ही थाने के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों में अफरा तफरी मच गई और वह आनन-फानन थाने में मुस्तैद हो गए। करीब 11 बजे बंथरा थाने पहुंचे डीसीपी ने लगभग डेढ़ घंटे तक यहां रुक कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले थाना परिसर की साफ सफाई व्यवस्था देखी और इसके बाद थाना परिसर में रहकर विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली को परखा। डीसीपी ने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर वहां आने वाली शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा मालखाना, बैरक, शस्त्रागार, हवालात सहित थाने के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव और मुकदमों से संबंधित दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। बाद में करीब 12:30 बजे डीसीपी अमित कुमार आनंद निरीक्षण पूरा कर थाने से रवाना हो गए।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *