लोगों ने किया प्रदर्शन
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में इकाना स्टेडियम के पीछे स्थित ईफिल विवासा स्टेट अपार्टमेंट के क्लब हाउस में रविवार रात बिना अनुमति के रेव पार्टी कराने का मामला सामने आया है। शोर-शराबा बढ़ने पर जब अपार्टमेंट के लोग विरोध करने पहुंचे तो क्लब संचालक ने अभद्रता शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पार्टी बंद कराई, लेकिन तब तक संचालक सामान लेकर फरार हो गया। इसको लेकर सोमवार को सोसायटी के लोगों ने क्लब हाउस के बाहर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। अपार्टमेंट निवासियों के अनुसार रविवार रात क्लब हाउस में अपार्टमेंट के बाहर के लड़के-लड़कियां शामिल होकर देर रात तक तेज आवाज में संगीत और पार्टी कर रहे थे।
अधिक शोर होने पर लोग मौके पर पहुंचे और आपत्ति जताई। आरोप है कि मेसर्स इंफ्रा डेवलपर्स बिल्डर्स से लीज पर क्लब हाउस लेकर चला रहे ठेकेदार एके सिंह ने लोगों से अभद्रता की। इसके बाद फ्लैट मालिक ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पार्टी तुरंत बंद करवाई।हालांकि पुलिस के जाने से पहले ही क्लब संचालक कार में सामान भरकर वहां से निकल गया। घटना से नाराज अपार्टमेंट के निवासियों ने सोमवार को क्लब हाउस के बाहर एकत्र होकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बिना अनुमति के बाहरी लोगों को प्रवेश न दिया जाए और क्लब संचालन के नियम तय किए जाएं। प्रदर्शन का नेतृत्व ईफिल विवासा अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव गोपाल सिंह ने किया। उनके साथ अरविंद पांडेय, अनुश्री वर्मा, किरन राम, बीना पांडेय, चारू श्रीवास्तव, वंदना सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्लब हाउस में गत 18 जुलाई को पार्टी के लिए आवेदन आया था, लेकिन अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद गत 19 जुलाई की रात अपार्टमेंट के लोगों ने सूचना दी कि क्लब हाउस में पार्टी चल रही है। मौके पर पहुंचकर पार्टी बंद कराई गई। क्लब संचालक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उससे बात नहीं हो पा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।










