लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता। चौक स्टेडियम में खेली जा रही जिला फुटबॉल लीग-2026 के मुकाबलों में मिडविंटर क्लब ने विजय क्लब को 1-0 से हराकर पूरे अंक हासिल किए। मैच का एकमात्र गोल मिडविंटर क्लब के खिलाड़ी अमन ने 29वें मिनट में दागा, जो टीम की जीत का निर्णायक साबित हुआ।
दिन का दूसरा मुकाबला न्यू ब्वॉयज क्लब और एक्स स्टूडेंट्स मेन्स यूनाइटेड क्लब के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने कई अवसर बनाए, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सकी और मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। अब रविवार (19 जुलाई) को चौक स्टेडियम में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच बिग ब्लू क्लब और अलीगंज स्पोर्टिंग क्लब के बीच सायं 3 बजे से होगा, जबकि दिन का दूसरा मुकाबला मिलानी क्लब और एलडीए (ए) क्लब के बीच सायं 4:30 बजे से खेला जाएगा।










