लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता । आगामी 1 से 4 अगस्त तक वाराणसी में होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए लखनऊ मंडल की टीम का चयन 22 और 23 जुलाई को किया जाएगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने बताया कि जिला स्तरीय चयन ट्रायल 22 जुलाई को दोपहर 3 बजे से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होगा। इसके बाद मंडल स्तरीय ट्रायल 23 जुलाई को इसी स्थान पर आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में 44 किलोग्राम से 80 प्लस किलोग्राम तक कुल 13 भार वर्गों में मुकाबले होंगे। ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगी, जिनका जन्म 1 जनवरी 2010 से 31 दिसंबर 2011 के बीच हुआ हो। खिलाड़ियों को अपने साथ जन्म प्रमाण-पत्र या आधार कार्ड की मूल प्रति व फोटोकॉपी लाना अनिवार्य होगा। बिना आयु प्रमाण के किसी को भी ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सूची उसी दिन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय से टीम का गठन किया जा सके।लखनऊ मंडल के अंतर्गत उन्नाव, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर और हरदोई जिलों में भी जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। वहां से चयनित खिलाड़ी लखनऊ में होने वाले मंडल स्तरीय ट्रायल में हिस्सा लेंगी।इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला युवा कल्याण अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों तक जानकारी पहुंच सके।खेल विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल में भाग लेने वाली खिलाड़ियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।










