दानवीर भामाशाह जयंती पर “व्यापारी कल्याण दिवस” का आयोजन, जनपद के प्रमुख करदाता हुए सम्मानित

रविकांत दुबे। कानपुर देहात

राज्य कर विभाग, कानपुर देहात द्वारा दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर दिनांक 29 जून 2026 को अकबरपुर तहसील स्थित ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में “व्यापारी कल्याण दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जनपद के सम्मानित व्यापारीगण, अधिवक्तागण एवं व्यापार मंडलों के पदाधिकारी भी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर जनपद कानपुर देहात के सर्वाधिक कर योगदान देने वाले दस प्रमुख करदाताओं को सम्मानित किया गया। 100 करोड़ रुपये से अधिक वार्षिक टर्नओवर श्रेणी में शिवानी डिटर्जेंट प्रा. लि. की ओर से नीरज सिंह तथा एशिया पेट्रोकेम इंडस्ट्रीज की ओर से आलोक यादव को सम्मानित किया गया।

50 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक की टर्नओवर श्रेणी में बंसल नारायण उद्योग की ओर से आलोक जैन एवं मंगलम वायरॉन की ओर से जितेन्द्र अग्रवाल को सम्मानित किया गया। 5 करोड़ से 50 करोड़ रुपये तक की टर्नओवर श्रेणी में श्रीयम मोटर्स की ओर से सुभाष मिश्रा तथा परिणिति फूड्स प्रा. लि. को सम्मानित किया गया। 1.5 करोड़ से 5 करोड़ रुपये तक की टर्नओवर श्रेणी में अभिलाषा इंटरप्राइजेज की ओर से अभिषेक सिंह तथा त्रिवेदी कॉन्ट्रैक्टर एंड लेबर सप्लायर्स को सम्मानित किया गया। वहीं 1.5 करोड़ रुपये तक की टर्नओवर श्रेणी में कटियार ब्रिक फील्ड की ओर से प्रभु कटियार एवं जय मां भगवती ब्रिक फील्ड की ओर से ब्रजेश तिवारी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारिक संगठनों एवं अधिवक्ता समुदाय के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।

इनमें आशीष गुप्ता ‘मोनू’, जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, ओमपाल सिंह, जिलाध्यक्ष भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, अनुभव अग्रवाल, जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल तथा संतोष सक्सेना, अध्यक्ष टैक्स बार एसोसिएशन, कानपुर देहात शामिल रहे। मुख्य अतिथि प्रतिभा शुक्ला एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने व्यापारियों एवं उद्यमियों को शासन द्वारा संचालित व्यापारी हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने दानवीर भामाशाह के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा उनके योगदान को आत्मसात करने का आह्वान किया। साथ ही करों का समयबद्ध भुगतान करने, उपभोक्ताओं के अधिकारों का सम्मान करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी व्यापारिक व्यवस्था को बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, संयुक्त आयुक्त (वि.अनु.शा.) राज्य कर कानपुर शिविका सिंह, उपायुक्त राज्य कर खण्ड-1 अमित अग्रवाल, उपायुक्त राज्य कर खण्ड-2 अच्छेर लाल सिंह, सहायक आयुक्त राज्य कर नरेश कुमार एवं श्याम रीत, राज्य कर अधिकारी विवेक विश्नोई, राजीव तिवारी, राजीव शर्मा तथा राजेश कुमार उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से उपजिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, उपजिलाधिकारी नीलिमा सिंह एवं तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त राज्य कर श्री अजय विक्रम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सम्मानित व्यापारी बंधुओं, अधिवक्ताओं एवं व्यापार मंडलों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *