अलीगंज के गेमिंग प्वाइंट में भीषण आग, 12 मौतों की सूचना, मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान

अमित त्रिवेदी। लखनऊ

अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। अलीगंज स्थित एक गेमिंग प्वाइंट में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में करीब 12 लोगों की मौत की सूचना सामने आ रही है। मृतकों में अधिकांश लोगों की आयु 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका।

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायलों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद बचाव दल लगातार तलाशी और राहत कार्य में जुटा हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

अलीगढ़ का अपना दौरा बीच में ही छोड़ लखनऊ वापस लौट रहे, यूपी सीएम

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही छोड़कर लखनऊ वापस लौट रहे हैं। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा है।जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी भी घटनास्थल पर पहुंचे और फायर विभाग के अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। प्रशासन की ओर से घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और लगातार राहत और बचाव कार्य जारी है।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *