हाथरस 08 जून, 2026 (सूचना विभाग)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के प्रथम दिवस की प्रथम पाली की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ रामबाग इंटर कॉलेज तथा श्री अक्रूर इंटर कॉलेज हाथरस का निरीक्षण कर यथा स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम तथा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों का अवलोकन किया। इसके पश्चात् उन्होंने परीक्षा केन्द्र का भ्रमण कर परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर यथास्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 13 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जो पूर्णतः पारदर्शी/शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु एवं बढ़ती गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए परीक्षार्थियों के लिए समुचित पेयजल व्यवस्था, छाया (शेड) की व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही, प्रत्येक केन्द्र पर मेडिकल टीम की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में परीक्षार्थियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक किया जा रहा है तथा प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। इस मौके पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए तथा केन्द्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केन्द्रों पर मूलभूत सुविधा यथा पीने का पानी, बैठने व प्रकाश के उचित प्रबंध रखने के निर्देश दिये जिससे की परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पडे। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सदर, सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।










