48 घंटे की लगातार बारिश से घाटमपुर, पतारा, भीतरगांव में एक दर्जन से अधिक कच्चे मकान ढहे

तहसील क्षेत्र में लगातार 48 घंटे तक हुई बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया था लेकिन रविवार को निकली धूप से लोगों ने राहत महसूस की, रिकार्ड बरिश से जगह-जगह जल भराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बारिश के चलते कई गांवों में कच्चे मकान और दीवारें भरभराकर गिर गई। कोरियां गांव में मकान गिरने से मलबे में दबकर एक भैंस की मौत हो गई। घाटमपुर के हथेरूआ गांव में यजुवेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय प्रमोद सिंह सेंगर का मकान ढह गया। परास गांव निवासी दुर्गा प्रसाद तिवारी और संदीप शुक्ला के मकान का एक एक हिस्सा बारिश के कारण गिर गया। भीतरगांव के बारीगांव निवासी वंश कुमार तिवारी के मकान को बारिश से नुकसान हुआ। पतारा विकासखंड के ओमप्रकाश पुत्र स्वर्गीय शिवनारायण गुप्ता का कच्चा मकान गिर गया। सजेती क्षेत्र के बम्होरी गांव निवासी लक्ष्मी पुत्र स्वर्गीय शिवप्रसाद गुप्ता का कच्चा मकान गिर गया। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों में चिन्ता बनी हुई है। घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि सभी लेखपालों को क्षेत्र में निगरानी के लिए भेजा गया है जांच के आधार पर दैवीय आपदा राहत कोष से पीड़ितों को मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से जर्जर मकानों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों में रहने की अपील की थी।



