जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत

चार माह पहले हुई थी शादी
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। थाना काकोरी कस्बे के बस्ती राम कटरा निवासी 30 वर्षीय अमित सोनी पुत्र स्वर्गीय मुन्नालाल सोनी की बुधवार को जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काकोरी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें ड्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ड्रामा सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि अमित सोनी चौक स्थित एक दुकान पर स्वर्णकारी का काम करते थे।

इसी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अमित की शादी चार माह पहले गत 20 अप्रैल को पुरवा, उन्नाव निवासी मुस्कान सोनी पुत्री गुड्डू सोनी के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद चौथी में मायके गई पत्नी वापस नहीं आई। परिजनों के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले अमित ने फोन कर पत्नी से लॉकर की चाबी के बारे में पूछा था। पत्नी ने चाबी अपने पास होने की बात कही। इसके बाद अमित ने किसी तरह लॉकर खोला तो उसमें रखे पुराने जेवर और लाखों रुपये की नकदी गायब मिली।
परिजनों का कहना है कि पत्नी के वापस नहीं आने और लॉकर में जेवर व नकदी न मिलने के बाद अमित मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। बताया गया कि उन पर कर्ज भी था, जिसके चलते वह पिछले दो दिनों से काफी तनाव में थे। वहीं इस संबंध में थाना काकोरी प्रभारी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



