सोशल मीडिया की दोस्ती बनी मौत की वजह
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक युवक की जिंदगी पर इस कदर भारी पड़ गई कि एकतरफा प्रेम में डूबे युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। हरियाणा के रोहतक में नौकरी करने वाला युवक अपनी इंस्टा मित्र से मिलने लखनऊ के निगोहां क्षेत्र पहुंचा था। लेकिन युवती ने बातचीत व मिलने से इंकार किए जाने के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। जानकारी के अनुसार, हरियाणा के रोहतक में रहकर नौकरी करने वाला अमन (19 वर्ष) बीते शुक्रवार को निगोहां क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती से मिलने लखनऊ पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर दोनों के बीच दोस्ती हुई थी और पिछले कुछ दिनों से बातचीत भी हो रही थी। युवती से मिलने के लिए अमन निगोहां पहुंचा और लगातार उसे फोन करता रहा, लेकिन युवती ने न तो फोन रिसीव किया और न ही कोई जवाब दिया।
इससे आहत होकर अमन निगोहां क्षेत्र के ब्रह्मदासपुर गांव के बाहर रेलवे ट्रैक के पास स्थित जंगल में पहुंच गया। जहां उसने पेड़ की डाल में गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने युवक का शव पेड़ से लटकता देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर उपनिरीक्षक संदीप मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर तलाशी ली। मृतक की शर्ट की जेब से टूटी-फूटी भाषा में लिखा एक सुसाइड नोट तथा परिजनों के मोबाइल नंबर वाला कागज बरामद हुआ।
युवक की पैंट की जेब से मोबाइल फोन, पिछली जेब से पर्स में रखा आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज मिले, जबकि उसका बैग भी घटनास्थल के पास पड़ा मिला। दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान अमन पुत्र राजेश, निवासी हरगनपुर, थाना बिल्सी, जनपद बदायूं के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद देर रात परिजन बदायूं से लखनऊ पहुंच गए।मृतक के पिता राजेश ने बताया कि उनका बेटा रोहतक में रहकर नौकरी करता था। वह लखनऊ कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उपनिरीक्षक संदीप मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दोस्त को भेजा था आखिरी वॉयस मैसेज
पुलिस जांच में सामने आया है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले अमन ने अपने एक करीबी दोस्त को वॉयस रिकॉर्डिंग भेजी थी। रिकॉर्डिंग में उसने कहा था कि ‘मुझे अब कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा है, मैं अपनी जान देने जा रहा हूं। मेरे घरवालों को इस बात की सूचना दे देना।’ मैसेज सुनकर घबराए दोस्त ने अमन को कई बार फोन मिलाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और फोन नहीं उठा।
मोबाइल में ‘जान‘ और ‘बाबू‘ नाम से सेव थे नंबर
पुलिस जब अमन के मोबाइल की जांच कर रही थी, तो उसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मोबाइल में कुछ युवतियों के नंबर “जान”, “बाबू” और “लव यू जान” जैसे नामों से सेव मिले हैं। इसके अलावा, अमन ने मौत से ठीक पहले सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर के साथ एक भावुक पोस्ट साझा की थी, जिसमें बैकग्राउंड में चिठ्ठी”न कोई संदेश, तुम कहां चले गए…” गीत चल रहा था।










