पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर डॉ. सम्पूर्णानन्द कारागार प्रशिक्षण संस्थान में रविवार को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महानिदेशक कारागार एवं सुधार सेवाएं उत्तर प्रदेश पीसी मीना ने अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं के साथ योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। आर्ट ऑफ लिविंग के योगाचार्य राजीव अरोड़ा और सुजाता गुप्ता ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस अवसर पर पीसी मीना ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।
जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ जीवन में सकारात्मकता लाता है। उन्होंने सभी कार्मिकों से योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम के बाद प्रशिक्षण संस्थान परिसर में नवग्रह वाटिका का उद्घाटन किया गया और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। समापन पर संस्थान के निदेशक डॉ. रामधनी ने सभी अतिथियों, योग प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार जताया। इस दौरान कारागार विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।










