मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

महिलाओं का ध्यान भटकाकर चेन चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार

पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। गुडम्बा पुलिस ने ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिलाओं का ध्यान भटकाकर चेन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथ मौजूद करीब 16 वर्षीय किशोरी को भी…

साझा करें WhatsAppFacebookX
महिलाओं का ध्यान भटकाकर चेन चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। गुडम्बा पुलिस ने ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिलाओं का ध्यान भटकाकर चेन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथ मौजूद करीब 16 वर्षीय किशोरी को भी विधि के अनुरूप संरक्षण में लिया है। दोनों के कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की चेन के दो टुकड़े बरामद हुए हैं। गुडम्बा इंस्पेक्टर अंजनी कुमार के मुताबिक, अंजू यादव की तहरीर पर गले से चेन चोरी किए जाने के मामले में थाना गुडम्बा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

22 अगस्त को उपनिरीक्षक शिवशंकर पुलिस टीम और महिला पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में अपराधियों की तलाश कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि चेन चोरी की घटनाओं में संलिप्त महिलाओं जैसी दो महिलाएं गुरुनानक लॉन के पास ई-रिक्शा में बैठी हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों महिलाओं ने ई-रिक्शा चालक से भागने को कहा। महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों को ई-रिक्शा से उतारकर पूछताछ और तलाशी ली।

पुलिस के अनुसार, एक महिला ने अपना नाम सुधा पत्नी विशाल, निवासी एकडंगा, थाना सीकरीगंज, गोरखपुर, उम्र करीब 27 वर्ष बताया। उसके पर्स से पीली धातु की चेन का एक टुकड़ा बरामद हुआ। वहीं दूसरी की उम्र करीब 16 वर्ष पाई गई। उसके पास से कागज में लिपटा चेन का दूसरा टुकड़ा बरामद हुआ। पूछताछ में सुधा और किशोरी ने पुलिस को बताया कि करीब तीन सप्ताह पहले दोनों ने टेढ़ी पुलिया चौराहे की ओर से ई-रिक्शा में सफर कर रही एक महिला का बातचीत और हरकतों से ध्यान भटकाकर उसके गले से चेन चोरी की थी। बाद में चोरी की चेन को दोनों ने आपस में बांट लिया था। पुलिस के मुताबिक, बरामद दोनों टुकड़े उसी चोरी की चेन के हिस्से हैं। पुलिस अब महिला के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।