वार्ड नंबर 14 में मुक्तिधाम मार्ग पर जल्द बनेगी सीसी रोड, पालिका अध्यक्ष ने किया स्थलीय निरीक्षण

पायनियर समाचार सेवा। खटीमा। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने वार्ड नंबर 14 में मुख्य मार्ग से मुक्तिधाम तक जाने वाले रास्ते का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आमजन की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर शीघ्र सी.सी. रोड निर्माण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए। अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि मुक्तिधाम मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस पर सी.सी. रोड का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि खटीमा के सभी वार्डों का सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर स्थानीय सभासद विश्वनाथ यादव, गौरी शंकर अग्रवाल, बी.डी. भाई, परमजीत बत्रा, करन, रवि, सुरेश, रोहित सहित अनेक स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



