वन्य प्राणी सप्ताह के अंतर्गत ‘गज-मानव संघर्ष समाधान एवं सर्प सुरक्षा’ पर गोष्ठी आयोजित

पायनियर समाचार सेवा। खटीमा। किलपुरा रेंज परिसर में वन्य प्राणी सप्ताह के तहत विशेष संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘गज-मानव संघर्ष समाधान एवं सर्प सुरक्षा’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन अभिलाषा समिति के निदेशक किशोर पंत एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर आमजन को वन्य जीव-जंतुओं तथा जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में वक्ताओं ने मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के उपायों और मानव व वन्यजीवों के सह-अस्तित्व पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान सर्पदंश से बचाव तथा हाथियों के साथ होने वाले आमने-सामने के टकराव से बचने की आवश्यक सावधानियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। गोष्ठी में उपस्थित जूनियर हाईस्कूल (खेतलसंडा मुस्तजार) और नव चेतना विद्यालय (श्री पुर बिछवा) के छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान (खेतलसंडा मुस्तजार) रोहन चंद, विद्यालयों के अध्यापक, छात्र-छात्राएं तथा वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



