वैश्विक बाजारों में मामूली सुधार के बीच सोना 200 रुपये मजबूत, चांदी स्थिर

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमत 200 रुपये बढ़कर 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। रुपये में कमजोरी और वैश्विक बाजारों में मामूली सुधार से सोने की कीमतों को समर्थन मिला। शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,46,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, चांदी की कीमत (सभी करों सहित) 2,02,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। इससे पहले इसमें लगातार तीन कारोबारी सत्रों में गिरावट दर्ज की गई थी।
कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार तीसरे सत्र में गिरावट आई। सोमवार को रुपया 29 पैसे टूटकर 95.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे डॉलर में भुगतान किए जाने वाले सोने का आयात महंगा हो गया और घरेलू कीमतों को समर्थन मिला। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा घरेलू बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक बाजारों में मामूली सुधार के साथ कच्चे तेल की कमजोर कीमतों, अमेरिकी डॉलर में स्थिरता और बेंचमार्क अमेरिकी बॉण्ड पर प्रतिफल में गिरावट से सर्राफा कीमतों को समर्थन मिला।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 17.49 डॉलर यानी 0.44 प्रतिशत बढ़कर 4,013.12 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 53.91 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही। मिराए एसेट शेयरखान के जिंस विभाग के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि खाड़ी देश अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक वार्ता फिर शुरू कराने के प्रयास कर रहे हैं। वहीं, अमेरिका, ईरान के खिलाफ नए सैन्य विकल्पों पर विचार कर रहा है।
इस बीच, हाजिर सोने की कीमतों में मामूली बढ़त दर्ज की गई। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी के अनुसार, इस सप्ताह बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले पर रहेगी। निवेशक महंगाई संबंधी चिंताओं और अमेरिकी चुनाव से जुड़ी अनिश्चितता के बीच ब्याज दरों के परिदृश्य तथा केविन वार्श के भावी नीतिगत संकेतों का आकलन कर रहे हैं।



