मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
खेल

यूपी टी-20 लीग सीजन-4: साहब सिंह की 91 रन की तूफानी पारी से काशी रुद्रास ने लगाई जीत की हैट्रिक

लखनऊ, पायनियर । मैन ऑफ द मैच साहब युवराज सिंह (91) की विस्फोटक पारी के दम पर गत विजेता काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के 10वें मुकाबले में गुरुवार को कानपुर सुपरस्टार्स को अंतिम ओवर तक खिंचे रोमांचक मुकाबले में…

साझा करें WhatsAppFacebookX
यूपी टी-20 लीग सीजन-4: साहब सिंह की 91 रन की तूफानी पारी से काशी रुद्रास ने लगाई जीत की हैट्रिक

लखनऊ, पायनियर । मैन ऑफ द मैच साहब युवराज सिंह (91) की विस्फोटक पारी के दम पर गत विजेता काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के 10वें मुकाबले में गुरुवार को कानपुर सुपरस्टार्स को अंतिम ओवर तक खिंचे रोमांचक मुकाबले में सात रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दिन के दूसरे मैच में काशी रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन बनाए। जवाब में कानपुर सुपर स्टार्स की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.4 ओवर में 160 रन ही बना सकी।

मैच की औपचारिक शुरुआत हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस रंगनाथ पाण्डेय ने पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।
रिटायर्ड जस्टिस रंगनाथ पाण्डेय ने कहा कि यूपी टी-20 लीग युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच दे रही है। इस तरह के आयोजन प्रदेश में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के मुकाबलों में लगातार बढ़ता रोमांच खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धी क्षमता को दर्शाता है। हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच और सुविधाएं मिलती रहें।

यूपी टी-20 लीग के दूसरे मुकाबले के दौरान हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस रंगनाथ पाण्डेय का सम्मान करते यूपी टी-20 लीग के पदाधिकारी।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह,फतेहपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सैफुद्दीन, सुल्तानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव असद अहमद, वाराणसी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जमाल अहमद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

औपचारिक शुरुआत के बाद कानपुर के कप्तान समीर रिजवी ने टॉस जीतकर काशी रुद्रास को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने पावरप्ले में ही अपने तीन प्रमुख बल्लेबाजों अभिषेक गोस्वामी (7), कप्तान करन शर्मा (8) और विकेटकीपर बल्लेबाज उपेन्द्र यादव (8) के विकेट महज 37 रन पर गंवा दिए।

शुरुआती झटकों के बाद साहब युवराज सिंह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सूझबूझ, धैर्य और आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए 56 गेंदों पर 91 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

साहब युवराज ने शुभम चौबे (18 रन, 24 गेंद) के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 64 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया। साहब युवराज सिंह की पारी का अंत शतक से पहले हुआ, लेकिन उन्होंने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

अंतिम ओवरों में अर्नव बालियान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज़ 12 गेंदों पर 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 29 रन जोड़े, जिससे काशी रुद्रास ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 167 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कानपुर सुपर स्टार्स की ओर से अजय कुमार ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपर स्टार्स ने तेज शुरुआत की। प्रियांशु पांडेय ने महज नौ गेंदों पर 19 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। उनके आउट होने के बाद आदर्श सिंह (26) और अभिषेक पांडेय (27) ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की।

हालांकि इसके बाद मुकाबले का रुख तेजी से बदल गया। कानपुर ने महज छह गेंदों के भीतर इन दोनों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद मध्यक्रम भी दबाव में बिखर गया और मोहम्मद अमान तथा कप्तान समीर रिजवी सस्ते में पवेलियन लौट गए।

इससे कानपुर का स्कोर 73 रन पर एक विकेट से फिसलकर 12वें ओवर की समाप्ति तक 90 रन पर पांच विकेट हो गया।
हालांकि अनुभवी बल्लेबाज कर्ण शर्मा ने सत्यम सांगू के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की।

अंतिम 24 गेंदों पर 45 रन की जरूरत थी और जरूरी रन गति लगातार बढ़ रही थी। इसी दौरान सुनील कुमार ने कर्ण शर्मा को आउट कर दिया। इसके बाद सत्यम सांगू ने आक्रामक रुख अपनाते हुए उसी ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाकर जीत के लिए जरूरी रन 18 गेंदों पर 28 तक ला दिए।

अंतिम दो ओवर में कानपुर सुपर स्टार्स को 19 रन की जरूरत थी। सुनील कुमार ने सत्यम सांगू का महत्वपूर्ण विकेट हासिल कर काशी रुद्रास को बड़ी सफलता दिलाई। सत्यम ने 22 गेंदों पर 40 रन की उपयोगी पारी खेली।

अंतिम ओवर में कानपुर को जीत के लिए 14 रन की जरूरत थी।काशी रुद्रास के लिए अटल बिहारी राय ने दबाव के बीच शानदार गेंदबाजी के साथ क्षेत्ररक्षण में भी कमाल दिखाया और पहली ही गेंद पर रन आउट कराकर काशी रुद्रास को शानदार शुरुआत दिलाई।

इसके बाद चौथी गेंद पर भी रन आउट कर उन्होंने कानपुर की जीत की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। कानपुर सुपर स्टार्स की पूरी टीम 19.4 ओवर में 160 रन पर सिमट गई और उसे सात रन से हार का सामना करना पड़ा।