दो बार की चैंपियन काशी रुद्रास ने लॉन्च की UPT20 लीग सीज़न-4 की नई जर्सी

  • काशी रुद्रास ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, सिगरा स्टेडियम में युवा क्रिकेटरों से मुलाकात की और गंगा आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक नगरी काशी से अपने अटूट जुड़ाव को और मजबूत किया

वाराणसी। दो बार की UPT20 लीग चैंपियन काशी रुद्रास ने शुक्रवार को वाराणसी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगामी सीज़न के लिए अपनी नई जर्सी का आधिकारिक अनावरण किया। इस अवसर के साथ टीम ने अपने नए अभियान की शुरुआत शहर की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और अपने प्रशंसकों के साथ गहरे जुड़ाव का उत्सव मनाते हुए की।

काशी की कालजयी विरासत और भगवान शिव के दर्शन से प्रेरित यह नई जर्सी काशी रुद्रास की पहचान और मूल्यों को दर्शाती है। जर्सी का नीला रंग भगवान शिव की शांति का प्रतीक है, जो धैर्य, स्पष्टता और दबाव में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की क्षमता को दर्शाता है। वहीं नारंगी रंग भगवान शिव की प्रचंड ऊर्जा का प्रतिनिधित्व करता है, जो साहस, आक्रामकता और निडरता का प्रतीक है। जर्सी पर बनी कॉस्मिक डिज़ाइन भगवान शिव को ‘गुरु ऑफ द यूनिवर्स’ के रूप में सम्मान देती है और असीम महत्वाकांक्षा की प्रेरणा देती है, जबकि मंडला पैटर्न संतुलन, एकता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है। इन सभी तत्वों के माध्यम से यह जर्सी काशी रुद्रास की भावना और पहचान को साकार करती है।

जर्सी लॉन्च से पहले कप्तान करण शर्मा और मुख्य कोच ध्रुव सिंह के नेतृत्व में, उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (UPCA) के निदेशक जावेद अख्तर तथा टीम प्रबंधन के अधिकारियों की मौजूदगी में काशी रुद्रास ने श्रद्धापूर्वक काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान टीम ने भारत के सबसे प्राचीन जीवंत शहरों में से एक काशी की भावना, दृढ़ता और गौरव का प्रतिनिधित्व करने के अपने संकल्प को दोहराया।

मंदिर दर्शन के बाद काशी रुद्रास के खिलाड़ियों ने सिगरा स्टेडियम में आयोजित विशेष ‘मीट एंड ग्रीट’ सत्र के दौरान युवा क्रिकेटरों से भी मुलाकात की। कप्तान करण शर्मा ने अपने क्रिकेट सफर के अनुभव साझा किए, युवाओं को अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया तथा उच्च स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए आवश्यक मानसिकता और कड़ी मेहनत के बारे में मार्गदर्शन दिया। इस पहल ने क्षेत्र में जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने की फ्रेंचाइज़ी की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।

टीम शाम को गंगा तट पर होने वाली भव्य गंगा आरती में भी शामिल हुई, जो काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक मानी जाती है।

जर्सी लॉन्च के अवसर पर काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा ने कहा, “काशी रुद्रास की जर्सी पहनना हमेशा गर्व का विषय होता है, क्योंकि यह सिर्फ एक क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व नहीं करती, बल्कि एक ऐसे शहर का प्रतिनिधित्व करती है जिसकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत अद्वितीय है। पिछले कुछ वर्षों में हमने टीम के भीतर एक मजबूत संस्कृति विकसित की है और हमारा लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है अपने प्रशंसकों को जश्न मनाने का एक और मौका देते हुए एक और चैंपियनशिप जीतना।

दो UPT20 लीग खिताब अपने नाम कर चुकी काशी रुद्रास इस सीज़न में ट्रॉफी दोबारा जीतने और लीग की सबसे सफल फ्रेंचाइज़ियों में अपनी पहचान को और मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम ने लगातार अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती स्थानीय प्रतिभाओं का संतुलित संयोजन तैयार किया है और इस बार भी अपने जोशीले समर्थकों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए आक्रामक क्रिकेट खेलने का लक्ष्य रखेगी।

मुख्य कोच ध्रुव सिंह ने कहा, “काशी रुद्रास की सफलता हमेशा अनुशासन, तैयारी और लगातार बेहतर बनने की भूख पर आधारित रही है। हर नया सीज़न नई चुनौतियाँ लेकर आता है, लेकिन इस टीम में सर्वोच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की प्रतिभा और चरित्र दोनों मौजूद हैं। हम हर प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हैं, लेकिन हमारा पूरा ध्यान निडर क्रिकेट खेलने और उन मानकों को बनाए रखने पर है जिन्होंने हमें लीग की सबसे सफल टीमों में से एक बनाया है।

डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास ने पिछले सप्ताह आगरा में आयोजित UPT20 प्लेयर ऑक्शन में अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों के समूह में छह नए खिलाड़ियों को शामिल किया। नीलामी से पहले 12 खिलाड़ियों को रिटेन करने के बाद टीम ने मोहम्मद शरीम, वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह को अपने साथ जोड़कर आगामी सीज़न के लिए 18 सदस्यीय टीम पूरी की।

नए सीज़न की तैयारियों के तहत काशी रुद्रास ने इस महीने की शुरुआत में ‘रुद्रास कप’ की शुरुआत करते हुए जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को भी मजबूत किया। यह किसी भी UPT20 फ्रेंचाइज़ी द्वारा आयोजित अपनी तरह का पहला क्षेत्रीय स्काउटिंग टूर्नामेंट है।

फ्रेंचाइज़ी द्वारा आयोजित व्यापक खिलाड़ी ट्रायल्स के साथ-साथ रुद्रास कप ने उभरते क्रिकेटरों को काशी रुद्रास की स्काउटिंग टीम के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और मंच उपलब्ध कराया। इस पहल ने प्रतिभा पहचान की प्रक्रिया को और सशक्त बनाया तथा होनहार खिलाड़ियों के लिए काशी रुद्रास और व्यापक UPT20 संरचना तक पहुंचने के अधिक अवसर तैयार किए।

मजबूत टीम, अनुभवी नेतृत्व और काशीवासियों के अटूट समर्थन के साथ काशी रुद्रास अब आगामी UPT20 लीग सीज़न पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर रही है। टीम अपने गौरवशाली सफर को आगे बढ़ाते हुए इतिहास में एक और यादगार अध्याय जोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।

  काशी रुद्रास की 18 सदस्यीय टीम : करण शर्मा (कप्तान), अभिषेक गोस्वामी, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, शुभम चौबे, कार्तिक यादव, सुनील कुमार, सक्षम राय, उवैस अहमद, ऋषभ राजपूत, दीपांशु यादव, अर्नव बलियान, मोहम्मद शरीम, वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु, साहब युवराज सिंह।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *