- सीएमएस ने 5 स्वर्ण पदक समेत 11 पदक जीते जिसमें तीन खिलाड़ियों ने नेशनल चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई
लखनऊ। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) गोमती नगर प्रथम कैंपस के छात्र-छात्राओं ने कानपुर में हुई सीआईएससीई रीजनल योगा चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य समेत कुल 11 पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता की सबसे बड़ी स्टार रहीं आरना ओम सिंह, जिन्होंने पारंपरिक योग, कलात्मक एकल और कलात्मक युगल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर गोल्डन हैट्रिक पूरी की। वहीं आरना निगम ने कलात्मक युगल में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इरा वर्मा ने पारंपरिक योग में स्वर्ण, कलात्मक एकल में रजत और कलात्मक युगल में कांस्य पदक जीतकर तीन पदकों की झोली भरी।
इसके अलावा आद्या सिंह चंदेल ने पारंपरिक योग में रजत तथा कलात्मक एकल में कांस्य पदक जीता, जबकि कुशाग्र श्रीवास्तव और मान्या शील त्रिवेदी ने एक-एक कांस्य पदक हासिल किया। आरना ओम सिंह, आरना निगम और इरा वर्मा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर नेशनल योगा चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गांधी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सीएमएस के हेड कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और योग जैसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लगातार प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना समय की आवश्यकता है।










