बुजुर्ग महिला से लूट करने वाले बीबीए के दो छात्र गिरफ्तार

पीलीभीत। सुनगढ़ी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के आभूषण लूटने की घटना का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दिया। किराये पर कमरा देखने के बहाने घर में घुसे बरेली के दो बीबीए छात्रों ने महिला के कानों से टॉप्स और गले से मंगलसूत्र झपट लिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटे गए आभूषण और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।
बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में एएसपी हिमांशु गौरव ने बताया कि 23 अक्टूबर को सुनगढ़ी थाना क्षेत्र निवासी नीलम ने दो युवकों के खिलाफ आभूषण झपटने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों ने किराये पर कमरा देखने के बहाने घर में प्रवेश किया और मौका पाकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
घटना के खुलासे के लिए एसपी सुकीर्ति माधव ने सुनगढ़ी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अथर्व उर्फ वंश कश्यप और अभिषेक उर्फ आयुष निवासी कोहड़ापीर, थाना प्रेमनगर, जिला बरेली के रूप में हुई है। दोनों बरेली के एक कॉलेज में बीबीए की पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से पीली धातु का मंगलसूत्र, एक जोड़ी टॉप्स और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी अजयपाल सिंह, उपनिरीक्षक कविराज सिंह, उपनिरीक्षक विष्णु सिंह सोलंकी, हेड कांस्टेबल सुदेश कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार और कांस्टेबल अजय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



