संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे की फर्श पर मृत अवस्था में मिली वृद्धा

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने किया साक्ष्य संकलन, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। आशियाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक वृद्ध विधवा महिला का शव कमरे की फर्श पर पड़ा मिला। भतीजे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंद दरवाजे को धक्का दे खोला तो महिला मृत अवस्था में पड़ी थी। पुलिस ने मृतका का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज मौके पर फोरेंसिक टीम बुला साक्ष्य संकलन करा नमूने जांच के लिए भेज दिया गया। आशियाना क्षेत्र के सेक्टर के मकान संख्या 772 में नीरा गुप्ता (65) अकेली रहती थी जबकि पंजाब एंड सिंध बैंक से रिटायर्ड पति एचआर गुप्ता का एक वर्ष पूर्व देहांत हो चुका था।मृतका अपने पति की दूसरी पत्नी थी, मृतक एच आर गुप्ता की पहली पत्नी का देहांत वर्ष 2011 में हो चुका था।
गाजियाबाद में रह रही मृतका की भतीजी के लगातार फोन करने के बाद भी फोन न उठने पर भतीजी श्वेता ने लखनऊ के इंद्रा नगर में रह रहे अपने चचेरे भाई अनुभव को फोन पर बुआ का जाकर हाल जानने को कहा, भतीजा अनुभव बुधवार दोपहर करीब दो बजे सेक्टर के स्थित आवास पहुंचा तो दरवाजा भीतर से बंद था काफी खटखटाने के बाद भी जब द्वार नहीं खुला तो अनुभव ने कंट्रोल नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची आशियाना पुलिस ने दरवाजे को धक्का देकर खोला तो मृतका फर्श पर सिर बल मृत अवस्था में पड़ी हुई थी और सिर से खून निकल रहा था।
पुलिस ने शव को पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज मौके पर फोरेंसिक टीम बुला साक्ष्य संकलन कराए और नमूने जांच के लिए भेज दिए। आशियाना इंस्पेक्टर गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा, तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्यवाही किया जाएगा।



