लखनऊ, खेल संवाददाता। क्रिकेट एसोसिएशन, लखनऊ की ओर से लखनऊ जिला अंडर-14 बालक क्रिकेट टीम के चयन के लिए ट्रायल 13 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल के स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्रिकेट ग्राउंड, आलमबाग, पारा पुलिस चौकी, आगरा एक्सप्रेसवे में सुबह 7 बजे से शुरू होंगे।
क्रिकेट एसोसिएशन, लखनऊ के अनुसार ट्रायल में वही खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने यूपीसीए/सीएएल प्लेयर रजिस्ट्रेशन फॉर्म 2026-27 पूरा कर लिया है। खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल होने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चेस्ट नंबर प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
चेस्ट नंबर का आवंटन 11 अगस्त से सीएएल कार्यालय, बीबीडी बैडमिंटन अकादमी, विपिन खंड, गोमतीनगर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। चेस्ट नंबर का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा।
क्रिकेट एसोसिएशन, लखनऊ ने खिलाड़ियों से समय पर पहुंचकर आवश्यक पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। ट्रायल के माध्यम से लखनऊ जिले की अंडर-14 बालक टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।