बीसलपुर,पीलीभीत । बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर वन विभाग की टीम ने बिना अनुमति और वैध दस्तावेजों के आम की लकड़ी भरकर ले जा रहे तीन ट्रकों को पकड़ लिया। तीनों वाहनों में लाखों रुपये कीमत की लकड़ी भरी बताई जा रही है। मौके पर चालक लकड़ी के परिवहन से संबंधित कागजात और वन विभाग का रवन्ना प्रस्तुत नहीं कर सके। वन विभाग ने तीनों ट्रकों को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय के पास खड़ा करा दिया है। मामले में जुर्माना लगाने के साथ विभागीय मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सोमवार को वन क्षेत्राधिकारी रोहित जोशी को सूचना मिली कि आम की लकड़ी से भरे तीन ट्रक बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग से तेज गति से गुजर रहे हैं। सूचना पर उन्होंने डिप्टी रेंजर सुरेश पाल, डिप्टी रेंजर संजीव गिरी और वन दरोगा वसीम के साथ टीम गठित कर वाहनों की घेराबंदी शुरू कर दी।
वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को अर्जुनपुर मोड़, दूसरे को ग्राम पकड़िया मंगली और तीसरे ट्रक को टोल प्लाजा के पास रोक लिया। जांच के दौरान तीनों ट्रकों के चालकों से लकड़ी के परिवहन संबंधी कागजात और वन विभाग का रवन्ना मांगा गया, लेकिन चालक मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने तीनों ट्रकों को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय के पास खड़ा करा दिया। वन क्षेत्राधिकारी रोहित जोशी ने बताया कि वाहनों में भरी लकड़ी के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मौके पर नहीं मिले हैं। मामले में नियमानुसार जुर्माना लगाने और विभागीय मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।