एलडीए के अवर अभियंता समेत तीन लोग रिश्वत लेते गिरफ्तार

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर की टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए एलडीए के एक अवर अभियंता, सुपरवाइजर और एक निजी व्यक्ति को 7.50 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जहां आरोपियों के कब्जे से 7.50 लाख की रिश्वत की राशि बरामद की। वहीं गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार वर्मा (अवर अभियंता, एलडीए), चंद्र प्रकाश (सुपरवाइजर, एलडीए) और श्रवण कुमार (निजी व्यक्ति) के रूप में हुई है। सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर से शिकायत की थी कि उसके निर्माणाधीन स्थल पर एलडीए के अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा आए और काम बन्द करने को कहा।

जहां बाद में शिकायतकर्ता को बताया गया कि उसके निर्माण के खिलाफ आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले के निस्तारण के लिए श्रवण कुमार से संपर्क करने को कहा गया। जहां श्रवण कुमार ने शिकायतकर्ता को राम मनोहर लोहिया अस्पताल के गेट पर बुलाकर दावा किया कि उसकी अवर अभियंता से बात हो चुकी है। उसने कथित तौर पर कहा कि यदि 15 लाख रुपए दिए जाएं तो शिकायतकर्ता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। इसके बाद शिकायतकर्ता एलडीए कार्यालय पहुंचा, जहां अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा और सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश ने भी 15 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की।

आरोप है कि चंद्र प्रकाश ने रिश्वत की रकम सभी के बीच बंटने की बात कहते हुए भुगतान का दबाव बनाया। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने आर्थिक असमर्थता जताते हुए 15 लाख रुपए दो किश्तों में देने की बात कही। पहली किश्त के रूप में 7.50 लाख रुपए देने पर सहमति बनी। साथ ही शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान से संपर्क कर आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकडवाना चाहता था। जहां सतर्कता अधिष्ठान ने शिकायत की गोपनीय जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी कथित रूप से आपसी मिलीभगत से आईजीआरएस पोर्टल का दुरुपयोग कर शिकायतकर्ता पर दबाव बना रहे थे। सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से भी रिश्वत मांगने के प्रमाण जुटाए गए।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता टीम ने शनिवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की और शिकायतकर्ता से 7.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते समय तीनों आरोपियों दिनेश कुमार वर्मा, चंद्र प्रकाश  और श्रवण कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता अधिष्ठान ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *