श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की
रविकांत दुबे। कानपुर देहात
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे द्वारा शनिवार को श्री कपालेश्वर महादेव मंदिर, डेरापुर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, कांवड़ मार्ग, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु किए गए प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने श्री कपालेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्याय) दिग्विजय सिंह, उप जिलाधिकारी डेरापुर सुप्रिया गुप्ता, क्षेत्राधिकारी डेरापुर, तहसीलदार डेरापुर, अधिशासी अधिकारी डेरापुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










