-झांसी की रानी चौक से शिव चौक के बीच सड़क का हिस्सा बैठा, दुकानदारों ने आरसीसी नाला बनाने और तत्काल मरम्मत की मांग की
मुजफ्फरनगर। शहर के व्यस्त एसडी मार्केट में झांसी की रानी चौक से शिव चौक के बीच सड़क का एक हिस्सा धंसने लगा है। सड़क के नीचे वर्षों पुराना ईंटों से बना नाला होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। भारी बारिश के बाद नाले के कमजोर होने से उसके ऊपर की सड़क भी बैठने लगी है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।
समस्या को लेकर एसडी मार्केट के दुकानदारों ने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। दुकानदारों ने बताया कि सड़क के नीचे बना नाला काफी पुराना है और ईंटों से निर्मित होने के कारण अब जर्जर हो चुका है। नाले को आरसीसी से मजबूत नहीं किया गया है। दुकानदारों के मुताबिक हाल में हुई तेज बारिश के बाद नाले की स्थिति और खराब हो गई। नाले की संरचना कमजोर होने से सड़क का हिस्सा उसकी ओर धंसने लगा है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का बड़ा हिस्सा बैठ सकता है। इससे दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना भी प्रभावित होगा। सड़क धंसने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को खतरा बना हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि व्यस्त बाजार होने के कारण यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क का हिस्सा अचानक और अधिक धंसने से दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि समस्या बढ़ने पर दुकानों के सामने का हिस्सा और आसपास की संरचनाएं प्रभावित हो सकती हैं। दुकानदारों ने पालिका अध्यक्ष को क्षतिग्रस्त सड़क और नाले की तस्वीरें भी उपलब्ध कराई हैं, ताकि मौके की स्थिति का आकलन किया जा सके। दुकानदारों ने मांग की है कि पुराने ईंटों से बने नाले का नए सिरे से आरसीसी निर्माण कराया जाए। साथ ही धंस रही सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर उसे सुरक्षित किया जाए। उनका कहना है कि समय रहते नाले और सड़क को दुरुस्त कर दिया जाए तो संभावित हादसे को टाला जा सकता है और दुकानों समेत सार्वजनिक संपत्ति को होने वाले नुकसान से भी बचाया जा सकेगा।