-दुष्कर्म के दो आरोपियों समेत इनामी बदमाश और ट्रांसफार्मर चोर पुलिस के हत्थे चढ़े, चोरी का लाखों का माल बरामद
मुजफ्फरनगर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने 12 घंटे के भीतर पांच अलग-अलग मुठभेड़ों में 11 बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई में चार बदमाश गोली लगने से घायल हुए। गिरफ्तार आरोपियों में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में नामजद दो आरोपी, 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश, चार ट्रांसफार्मर चोर और तीन शातिर चोर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, कॉपर केबल और चोरी का अन्य सामान बरामद किया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने गुडवर्क करने वाली पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
शनिवार को एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा, सीओ मंडी सुनील कुमार, सीओ जानसठ ऋषिका सिंह और सीओ खतौली रूपाली राव के साथ विभिन्न थानों की पुलिस कार्रवाई की जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म की शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नाजिम को मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। मामले में चिकित्सक डा. आदिल को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि पीड़िता इलाज के लिए चिकित्सक के पास गई थी, जहां उसके साथ छल किया गया। मीरापुर पुलिस ने तुल्हेड़ी गांव के जंगल में मुठभेड़ के दौरान जाफर अली निवासी किला परीक्षितगढ़, मेरठ को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक जाफर शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ मीरापुर, गाजियाबाद के अलावा महाराष्ट्र में भी मुकदमे दर्ज हैं। गाजियाबाद पुलिस की ओर से उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सिखेड़ा पुलिस ने किसान प्रहरी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में चार ट्रांसफार्मर चोरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सलमान निवासी निराना, जानू उर्फ जान मोहम्मद, वासिद और खुशनसीब निवासी निराना, सिखेड़ा के रूप में हुई। मुठभेड़ के दौरान सलमान और जानू गोली लगने से घायल हुए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सिखेड़ा की दो और छपार क्षेत्र की चार चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया। मंसूरपुर पुलिस ने जून में अंबा शक्ति स्टील फैक्टरी में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मौसिन निवासी काठा तथा आसिफ और मुस्तफा निवासी बागपत के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.70 लाख रुपये नकद और करीब 2.24 लाख रुपये कीमत की कॉपर केबल बरामद की है। एसएसपी ने बताया कि सभी मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीमों की सक्रियता और लगातार की गई कार्रवाई के लिए संबंधित टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।