जिलाधिकारी ने प्रातः जिला मेमोरियल चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बी पी त्रिपाठी ,बलरामपुर
बलरामपुर।जनपद में आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने तथा सरकारी चिकित्सालयों में चिकित्सा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने आज प्रातः जिला मेमोरियल चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों के उपचार की व्यवस्था, चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों एवं ओपीडी का निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मरीजों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, उपचार, चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे परीक्षण, दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सालय में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों के साथ उपस्थित तीमारदारों से भी वार्ता की तथा चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में उनका फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि सरकारी चिकित्सालयों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन एवं जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिलाधिकारी ने ओपीडी का निरीक्षण करते हुए मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को चिकित्सकों द्वारा समयबद्ध परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों एवं उनके तीमारदारों के साथ चिकित्सालय के समस्त चिकित्सक एवं कर्मचारी संवेदनशील तथा सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि वार्डों, ओपीडी, शौचालयों एवं चिकित्सालय परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। चिकित्सालय में मरीजों के लिए स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने चिकित्सालय में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने तथा मरीजों को शासन की मंशानुरूप निर्धारित निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सकीय उपकरणों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों को क्रियाशील बनाए रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाए तथा मरीजों को उपचार प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद के सरकारी चिकित्सालयों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए जाने के लिए निरीक्षण एवं अनुश्रवण की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
इस दौरान संबंधित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहें।



