शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के शेखावापुर गांव में मंगलवार तड़के प्रेम प्रसंग से नाराज 14 वर्षीय किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब पांच घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में नाबालिग प्रेमी के समझाने पर वह सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, किशोरी सुबह करीब चार बजे गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह, शुकुल बाजार पुलिस, महिला थाना पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
बाद में पुलिस ने उसके नाबालिग प्रेमी को मौके पर बुलाया। काफी देर तक बातचीत के बाद किशोरी टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गई। पुलिस ने उसे सकुशल नीचे उतारकर परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी (14) और किशोर (17) दोनों नाबालिग हैं। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
शुकुल बाजार, अमेठी










