टेनिस : काशित, नीरव, वंश और दीप मुनीम क्वार्टर फाइनल में, प्रशांत का बड़ा उलटफेर

लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता। काशित नागराले, नीरव शेट्टी, वंश बिष्ट और दीप मुनीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए आइटा पुरुष एक लाख रुपये इनामी टेनिस टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में जीतकर अंतिम आठ में जगह बना ली। वहीं, दिन का सबसे बड़ा उलटफेर हरियाणा के प्रशांत प्रोचा ने किया।

कल्याणपुर स्थित केसरी टेनिस अकादमी में केसरी स्पोर्ट्स के तत्वावधान में खेले जा रहे मुकाबलों में महाराष्ट्र के काशित नागराले ने हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज को एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-0 से हराया। छठी वरीयता प्राप्त महाराष्ट्र के नीरव शेट्टी ने पंजाब के राहुल यादव को 6-1, 6-2 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

चौथी वरीयता प्राप्त दिल्ली के वंश बिष्ट ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए कनीष्क पाल को 4-6, 6-0, 6-0 से हराया। हरियाणा के सातवीं वरीयता प्राप्त जगमीत सिंह ने राजस्थान के अमित मूंड को 6-1, 6-3 से शिकस्त दी, जबकि तीसरी वरीयता प्राप्त कर्नाटक के सूरज प्रबोध ने राजस्थान के आयुष शर्मा को 6-3, 6-3 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

दिन का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए हरियाणा के प्रशांत प्रोचा ने पांचवीं वरीयता प्राप्त वंश नांदल को 6-4, 7-5 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। गुजरात के कनीष्क जेटली ने दिल्ली के रिकी चौधरी को 6-3, 6-3 से पराजित किया। एक अन्य कड़े मुकाबले में मध्य प्रदेश के दूसरी वरीयता प्राप्त दीप मुनीम ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए हरियाणा के सार्थक गुलाटी को 3-6, 6-3, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *