शामली। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक परिवार-एक पहचान’ योजना के तहत नगर पालिका परिषद शामली में फैमिली आईडी बनाने का काम शुरू हो गया है। पालिका को इस बार 3000 फैमिली आईडी बनाने का लक्ष्य दिया गया है, जिसमें अब तक 1364 फैमिली आईडी बनाई जा चुकी हैं। 24 अगस्त से पालिका में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक फैमिली आईडी निशुल्क बनाई जाएगी।
शुक्रवार को पालिका सभागार में आयोजित बैठक में चेयरमैन अरविंद संगल ने बताया कि प्रदेश में निवास करने वाले प्रत्येक परिवार की विशिष्ट पहचान के लिए फैमिली आईडी बनाई जा रही है। इसके माध्यम से सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, पेंशन और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि फैमिली आईडी के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं को एक-दूसरे से जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य छूटे हुए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना है। साथ ही आय, जाति और मूल निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी सेवाओं में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा। राशन कार्ड धारकों को अलग से आवेदन नहीं करना होगा। चेयरमैन ने बताया कि जिन परिवारों के पास राशन कार्ड उपलब्ध है, उनके राशन कार्ड की संख्या ही फैमिली आईडी के रूप में मान्य होगी। ऐसे परिवारों को अलग से फैमिली आईडी के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं है। जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, उन्हें ऑनलाइन पंजीकरण कर 12 अंकों की फैमिली आईडी बनानी होगी। पंजीकरण के लिए परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड और आधार से जुड़ा सक्रिय मोबाइल नंबर होना जरूरी है। पंजीकरण के दौरान मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। नगर पालिका की ओर से 24 अगस्त से सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक निशुल्क फैमिली आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पालिका अधिकारियों ने लोगों से पात्रता के अनुसार फैमिली आईडी बनवाने का लाभ उठाने की अपील की है। बैठक में पूर्व सभासद राजीव मलिक, प्रदीप वर्मा, संजय बंसल, सुरेशचंद कौशिक, आजम खां, अमित कुमार, विनोद निर्वाल, गजेंद्र सिंह, वैभव गर्ग, उपवन पारचा, सुनील बंसल, शुभम वर्मा, जोगेंद्र, राकेश कुमार, अरविंद कुमार, अनवर अहमद, लोकेन्द्र सिंह, सुनील गुप्ता, कंवरपाल, अंकित, साजिद आदि मौजूद रहे।