स्वच्छता का संदेश देकर सीआरपीएफ ने रोपे पौधे

सफाईकर्मियों और ‘अपने सीआरपीएफ को जानें’ प्रतियोगिता के विजेता छात्र का हुआ सम्मान
अमेठी। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नव आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र सीआरपीएफ, अमेठी की ओर से कंपोजिट विद्यालय छीड़ा में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता, वृक्षारोपण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक के स्वागत के साथ हुआ। उप महानिरीक्षक डॉ. निशीत कुमार ने मुख्य अतिथि को पौधा भेंट किया, जबकि कमांडेंट विनय कुमार त्रिपाठी ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका सम्मान किया। विधायक ने कहा कि सीआरपीएफ के जवान विषम परिस्थितियों में देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने स्वच्छता के साथ पौधों की देखभाल को भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया।
उप महानिरीक्षक डॉ. निशीत कुमार ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने की अपील की। इस दौरान गांव के सफाईकर्मी महेंद्र कुमार यादव और रामसेवक को स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘अपने सीआरपीएफ को जानें’ प्रतियोगिता के विजेता जगतपाल इंटरमीडिएट कॉलेज, कोहड़ौर के कक्षा 10 के छात्र आयुष कुमार मिश्रा को पांच हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सीआरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ग्राम प्रधान, खंड शिक्षा अधिकारी, एसएचओ रामगंज, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।



