सोनीपत को 6-5 से हराकर गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज दूसरी बार बना चैंपियन
दानिश को मिला टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। गुरु गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ के खिलाड़ियों ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 43वें सरदार मनमोहन सिंह सब-जूनियर नेहरू हॉकी टूर्नामेंट में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज टीम ने रोमांचक फाइनल में गवर्नमेंट हॉकी अकादमी, सोनीपत (हरियाणा) को सडन डेथ तक खिंचे मुकाबले में 6-5 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। स्पोर्ट्स कॉलेज ने इससे पहले वर्ष 2018 में भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का खिताब जीता था।
नई दिल्ली में शनिवार को खेले गए फाइनल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई।
निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। लखनऊ की ओर से मोहम्मद दानिश और समीर अली ने गोल दागे। इसके बाद टाईब्रेकर शूटआउट में भी दोनों टीमें 4-4 की बराबरी पर रहीं। सडन डेथ में स्पोर्ट्स कॉलेज के गोलकीपर अमरजीत तिवारी ने शानदार बचाव कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
विजेता स्पोर्ट्स कॉलेज को 1.60 लाख और उपविजेता सोनीपत को 96 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली। लखनऊ के मोहम्मद दानिश को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित करते हुए 25 हजार रुपये दिए गए। वहीं टीम के प्रशिक्षक धर्मेंद्र प्रताप सोनकर को भी 25 हजार रुपये की विशेष पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेंद्र कुमार यादव ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और संस्थान की मजबूत खेल प्रशिक्षण परंपरा को दिया।



