बुलेट व बुलेरो की आमने सामने भिड़ंत में एक किशोर की मौत, दूसराघायल

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बिजनौर इलाके में शनिवार सुबह एक लोडर वाहन (बुलेरो पिकप) और बुलेट मोटरसाइकिल की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में बुलेट चालक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल का पास के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं घटना के बाद लोडर चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। बिजनौर के नूरनगर भदरसा निवासी किसान कश्मीर यादव का बेटा यश (16) कक्षा आठ का छात्र था। जबकि गांव के ही दूधिया अखिलेश यादव का बेटा आयुष (18) कक्षा 10 का छात्र है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे किसी काम से बिजनौर जा रहे थे।
बुलेट को यश चला रहा था, जबकि आयुष पीछे बैठा था। तभी बंथरा-बिजनौर रोड पर तहसील से पहले भौनवाल स्कूल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप से उसकी बुलेट की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यश उछल कर सड़क के किनारे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव क्षत-विक्षत हो गया। जबकि आयुष के पैर टूट गए और वह बुरी तरह घायल हो गया। आनन फानन राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
उधर घटना के बाद पिकपचालक अपना वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों के परिजनों को सूचना देने के साथ मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आयुष के परिजनों ने उसे बिजनौर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल सीसीटीवी कैमरों के सहारे पुलिस आरोपी पिकप की तलाश करने में जुटी है। मृतक यश के परिवार में उसके पिता कश्मीर यादव और माँ के अलावा दो बड़े भाई और दो बड़ी बहनें हैं। जबकि घायल आयुश अपने दो भाइयों में बड़ा है।



