मायके में महिला ने फांसी लगाकर दी जान

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के अंनघेमऊ गांव स्थित मायके आई महिला ने शनिवार को कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की रात ही परिवार ने महिला के बेटे का जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। शनिवार को महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगराम के देवीखेड़ा निवासी राधेश्याम की पत्नी प्रतिभा रावत (32) तीन दिन पहले अपने बेटे कार्तिक और बेटी कनक के साथ निगोहां के अंनघेमऊ स्थित मायके आई थी।
शुक्रवार की रात उसके बेटे का जन्मदिन था, जिसे परिवार ने धूमधाम से मनाया था। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे प्रतिभा ने घर के कमरे में पंखे के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कमरे में बेटी का शव लटकता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि मृतका को ट्यूमर था, जिसके चलते वह परेशान रहती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



