बीएसएफ जवान शिवकुमार मिश्र को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं स्मृति ईरानी, परिजनों को बंधाया ढांढस

पायनियर संवाददाता, पीपरपुर (अमेठी)। लद्दाख में ड्यूटी के दौरान बीएसएफ जवान शिवकुमार मिश्र (45) का निधन हो गया। ड्यूटी के दौरान सीने में दर्द उठने से उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी सांसें थम गईं। बुधवार सुबह उनका पार्थिव शरीर भादर क्षेत्र के घोरहवा मजरे भोजपुर स्थित पैतृक गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जवान के निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम नजर आई। इस दौरान तहसीलदार अमेठी और कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार मिश्र ने जवान के पार्थिव शरीर को कांधा दिया।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद स्मृति ईरानी भी भोजपुर गांव पहुंचीं। उन्होंने जवान के परिजनों से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई। जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है।



