ओमान तट के पास जहाज पर हमला : भारत ने अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया

नयी दिल्ली। भारत ने बुधवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया और ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। हमले के बाद जहाज पर मौजूद भारतीय चालक दल के 24 सदस्यों में से तीन लापता हो गए। अपनी प्रतिक्रिया में नयी दिल्ली ने कहा कि पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक नौवहन और असैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर बिना किसी रुकावट के आवाजाही जल्द से जल्द बहाल की जानी चाहिए।

वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर यह हमला तब हुआ, जब इसके दो दिन पहले ही पलाओ के झंडे वाले एक जहाज पर, जिसमें 24 भारतीय सवार थे, अमेरिकी नौसेना ने हमला किया था। यह जहाज ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने हमले की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह जहाज ईरान से तेल ले जाने की कोशिश कर रहा था और इस तरह ईरानी बंदरगाहों पर लागू अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन कर रहा था। विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा की।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम आज ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर मौजूद चालक दल के 24 भारतीय सदस्यों में से अब तक 21 भारतीयों को बचा लिया गया है और तीन भारतीयों के लापता होने की खबर है। मंत्रालय ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीबी नज़र रख रहा है और जारी खोज एवं बचाव अभियान में स्थानीय अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस इलाके में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और ये इलाके में जारी संघर्ष का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। मंत्रालय ने कहा कि तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए संवाद की अपनी मांग दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *