- -फरीदाबाद के हुनर को वैश्विक मंच पर पहुंचाने के लिए उद्योगों को गुणवत्ता, तकनीक और नवाचार पर देना होगा जोर : निर्मल के. मिंडा
- -फरीदाबाद के विकास के बिना विकसित हरियाणा की कल्पना अधूरी : डॉ. यशपाल यादव
- -उद्योगपतियों को बताया देश की अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा आधार, एफसीसीआई ने साझा किया नए रोडमैप का खाका
कविता। फरीदाबाद
औद्योगिक नगरी फरीदाबाद को देश के अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ फरीदाबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफसीसीआई) की वार्षिक आम बैठक एवं बिजनेस समिट-2026 का आयोजन बाईपास रोड स्थित रेडिसन ब्लू होटल में किया गया। कार्यक्रम में उद्योग, प्रशासन और मीडिया जगत की प्रमुख हस्तियों ने एक मंच पर आकर विकसित भारत, विकसित हरियाणा के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूएनओ मिंडा समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक निर्मल के. मिंडा, विशेष अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव तथा संपादक अमीश देवगन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। एफसीसीआई अध्यक्ष डॉ. एच.के. बत्रा और महासचिव रोहित रुंगटा ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस मौके पर निर्मल के. मिंडा ने कहा कि भारत अब केवल उपभोक्ता देश नहीं, बल्कि दुनिया का प्रमुख विनिर्माण केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। फरीदाबाद की औद्योगिक अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उद्योगों से गुणवत्ता, तकनीक और नवाचार को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के बल पर उद्योग नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं और स्टार्टअप को नवाचार पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
वहीं डॉ. यशपाल यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के औद्योगिक विकास को लेकर गंभीर है। सरकार का लक्ष्य लालफीताशाही को खत्म कर एकल खिड़की मंजूरी और व्यापार सुगमता को प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हरियाणा की औद्योगिक शक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है और इसके विकास के बिना विकसित हरियाणा की कल्पना अधूरी है।
वहीं अमीश देवगन ने कहा कि उद्यमी देश की अर्थव्यवस्था के सबसे बड़े धन सृजक हैं। उद्योग जगत राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मीडिया और उद्योग मिलकर भारत की सकारात्मक छवि को वैश्विक मंच पर मजबूत कर सकते हैं।
बिजनेस कोच एवं प्रेरक वक्ता डॉ. शंकर गोयनका ने कहा कि व्यापार में सफलता केवल बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर नहीं करती। उद्यमी की सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण और अनुशासन भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
एफसीसीआई अध्यक्ष डॉ. एच.के. बत्रा ने कहा कि चैंबर उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान, निवेश को बढ़ावा देने और फरीदाबाद को अग्रणी औद्योगिक शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योगों के सामूहिक प्रयासों से भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में शीर्ष स्थान दिलाया जा सकता है।
एफसीसीआई के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. नरिंदर ध्रुव बत्रा ने चैंबर की गतिविधियों और उपलब्धियों की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए भविष्य का रोडमैप रखा। महासचिव रोहित रुंगटा ने कहा कि एफसीसीआई उद्योग और सरकार के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाता रहेगा। कार्यक्रम में उद्योग, व्यापार, शिक्षा, सामाजिक सेवा, स्टार्टअप, नवाचार और मीडिया क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मेलन ने फरीदाबाद के औद्योगिक जगत में नई ऊर्जा का संचार करते हुए आत्मनिर्भर उद्योग, विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया।
__________________________________________________________________________________