मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

चोरों ने एक रात में दो जगह बोला धावा, घर से लाखों के जेवर और भट्ठे से बैटरियां चोरी

पायनियर संवाददाता। बाराबंकी लोनीकटरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी। शुम्भा गांव में छत के रास्ते घर में घुसे चोर 25 हजार रुपये नकद समेत करीब पांच लाख…

साझा करें WhatsAppFacebookX
चोरों ने एक रात में दो जगह बोला धावा, घर से लाखों के जेवर और भट्ठे से बैटरियां चोरी

पायनियर संवाददाता। बाराबंकी

लोनीकटरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी। शुम्भा गांव में छत के रास्ते घर में घुसे चोर 25 हजार रुपये नकद समेत करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। वहीं मंझूपुर गांव स्थित ईंट-भट्ठे से तीन ट्रैक्टरों की बैटरियां चोरी कर ली गईं। दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई है। शुम्भा गांव निवासी महादेव वर्मा जल निगम की पानी की टंकी पर कार्यरत हैं। शनिवार रात वह पानी की टंकी पर सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे घर के बरामदे में सोए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते जीने से घर में दाखिल हुए और कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे 25 हजार रुपये नकद तथा करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।

रविवार सुबह परिवारीजनों को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उधर, मंझूपुर गांव स्थित ईंट-भट्ठे पर भी शनिवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। भट्ठे पर खड़े तीन ट्रैक्टरों की बैटरियां खोलकर चोर फरार हो गए। रविवार सुबह ट्रैक्टरों की जांच के दौरान बैटरियां गायब मिलने पर भट्ठा प्रबंधन में हड़कंप मच गया। भट्ठे के मैनेजर जान मोहम्मद ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। चोरी की पूरी वारदात भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस को फुटेज उपलब्ध करा दी गई है। थानाध्यक्ष अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि बैटरी चोरी के मामले में तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस दोनों घटनाओं का जल्द खुलासा करने का प्रयास कर रही है।