सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी: केरल, रेलवे और गुजरात की शानदार जीत
केरल ने पंजाब को एक विकेट से हराया, जबकि रेलवे ने विदर्भ व गुजरात ने त्रिपुरा को 8 विकेट से दी शिकस्त

रघुबीर शर्मा । लखनऊ
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेली जा रही सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी के मुकाबलों में केरल ने पंजाब को एक विकेट से हराकर रोमांचक मुकाबला अपने नाम किया,जबकि रेलवे और गुजरात ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को आठ-आठ विकेट से शिकस्त दी। इकाना स्टेडियम के मुख्य मैदान पर खेले गए मुकाबले में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 131 रन बनाए। पंजाब से रिधिमा अग्रवाल ने 53 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 48 रन बनाए। अमनजोत कौर ने 25 और अक्षिता भगत ने नाबाद 26 रनों का योगदान दिया। केरल से टी शनि ने चार विकेट लिए।जवाब में केरल ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 132 रन बनाते हुए एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। टी शनि ने 58 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 40 रन बनाए, जबकि अचू अक्षया ने 26 और सजीवन ने नाबाद 33 रन की पारियां खेलीं। पंजाब की रिधिमा अग्रवाल को प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया। इकाना स्टेडियम के ग्राउंड-बी पर रेलवे ने विदर्भ को आठ विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 110 रन ही बना सकी।
मोना मेश्राम ने 59 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि आयुषी ठाकरे ने 26 रन जोड़े। रेलवे से मिनू मनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर पांच विकेट झटके, जबकि पूनम यादव ने दो विकेट हासिल किए।111 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रेलवे ने 17.5 ओवर में दो विकेट खोकर 114 रन बना लिए। रिया चौधरी ने 37 और शिप्रा गिरि ने 26 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मिनू मनी को प्लेयर आॅफ द मैच घोषित किया गया। इकाना स्टेडियम में खेले गए एक अन्य मुकाबले में गुजरात ने त्रिपुरा को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए त्रिपुरा ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 144 रन बनाए। अश्वथी बाबू ने 67 गेंदों में चार चौकों की मदद से 40 रन बनाए। इन्द्ररानी जमातिया ने 24 और रिजू साहा ने नाबाद 20 रन जोड़े। गुजरात की ओर से पुष्टि स्वेतांक नाइक और अनुष्का राए ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में गुजरात की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में दो विकेट पर 148 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अरशिया धारीवाल ने 70 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 74 रन बनाए, जबकि सिमरन पटेल ने 57 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 67 रन की पारी खेली। शानदार बल्लेबाजी के लिए अरशिया धारीवाल को प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया।
हेमलता के आॅलराउंड खेल से तमिलनाडु 8 विकेट से विजयी
लखनऊ। सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी के मुकाबले में तमिलनाडु ने सिक्किम को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिक्किम की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 83 रन ही बना सकी। जवाब में तमिलनाडु ने 10.2 ओवर में दो विकेट खोकर 84 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। तमिलनाडु की दयालन हेमलता ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन ओवर में 10 रन देकर एक विकेट लिया और बल्लेबाजी में 27 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाकर प्लेयर आॅफ द मैच बनीं।



