साइक्लिंग चैंपियनशिप में आराध्या, रणवीर और देव ने लहराया परचम
50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रोत्साहन साइकिल रेस में संतोष जायसवाल प्रमुख विजेता बने

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। राजधानी के ऐतिहासिक कुड़ियाघाट पर रविवार की सुबह साइकिल के पहियों की गड़गड़ाहट और युवाओं के जोश से सराबोर रही। लखनऊ साइक्लिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 'लखनऊ साइक्लिंग चैंपियनशिप-2026' में नन्हे-मुन्ने बालकों से लेकर 50 वर्ष से अधिक उम्र के अनुभवी साइक्लिंग प्रेमियों ने अपनी गति और स्टेमिना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ 'द प्रिंट हब' के प्रबंध निदेशक हिमांशु मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद कुड़ियाघाट का ट्रैक प्रतिभागियों के उत्साह और प्रतिस्पर्धा का गवाह बना।
विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित इस स्पर्धा में खिलाड़ियों ने जीत के लिए जी-जान लगा दी। अंडर-10 बालिका वर्ग में आराध्या बाजपेयी ने अपनी शानदार रफ्तार के बल पर पहला स्थान हासिल किया, जबकि पलक जैन दूसरे स्थान पर रहीं। इसी वर्ग के बालक वर्ग में आयांश गर्ग ने पहला और सार्थक ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-12 बालक वर्ग में रणवीर सिंह ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी, वहीं बालिका वर्ग में प्रकृति राठौर पहले स्थान पर रहीं। अंडर-14 बालिका वर्ग में काव्या चित्रांश ने अपनी वर्ग तालिका में पहला स्थान कब्जाया, जबकि अंडर-16 बालक वर्ग में प्रसिद्ध राघव अवस्थी विजेता बने। युवाओं की रोमांचक रेस में अंडर-19 बालक वर्ग के भीतर देव मिश्रा ने पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अंडर-23 बालक वर्ग के कड़े मुकाबले में ओमकार पुष्कर प्रथम, वीर सिंह द्वितीय और नूर आलम तृतीय स्थान पर रहे।
एलीट वर्ग में राहुल मौर्य ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला और चंद्रेश गुप्ता ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रोत्साहन साइकिल रेस में संतोष जायसवाल प्रमुख विजेता बने। प्रतियोगिता के सफल समापन पर एसोसिएशन के सचिव अनुराग बाजपेयी ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देती हैं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती हैं। यह पूरा आयोजन एसोसिएशन के अध्यक्ष उत्कर्ष त्रिपाठी, सचिव अनुराग बाजपेयी और कोषाध्यक्ष कपिल बाजपेयी के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



